मध्य प्रदेश में फिर महंगी हुई CNG, 10 दिन में दूसरी बार बढ़े दाम, भोपाल में नया रेट लागू

मध्य प्रदेश में महंगाई का असर अब CNG उपभोक्ताओं पर भी साफ दिखने लगा है। ईरान युद्ध और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा संकट के बीच कंप्रेस्ड नेचुरल गैस यानी CNG के दाम 10 दिन में दूसरी बार बढ़ा दिए गए हैं। राजधानी भोपाल में CNG अब 94.75 रुपए प्रति किलो हो गई है। थिंक गैस कंपनी ने इसमें 1 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी की है।

इससे पहले 16 मई को भी CNG के रेट करीब 3 रुपए प्रति किलो बढ़ाए गए थे। पिछले दो महीनों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। कुल मिलाकर CNG करीब 6 रुपए प्रति किलो महंगी हो चुकी है। लगातार बढ़ती कीमतों से CNG वाहन चालकों की चिंता बढ़ गई है।
मध्य प्रदेश में फिलहाल थिंक गैस, गेल और अवंतिका गैस एजेंसियां सप्लाई करती हैं। भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा और शिवपुरी जैसे जिलों में थिंक गैस की सप्लाई होती है। वहीं इंदौर और उज्जैन संभाग में अवंतिका कंपनी CNG उपलब्ध कराती है।
भोपाल में कुल 25 CNG स्टेशन संचालित हैं। इनमें मैनिट, नीलबड़, होशंगाबाद रोड और बैरागढ़ रोड के स्टेशन प्रमुख हैं। नए रेट इन सभी स्टेशनों पर लागू कर दिए गए हैं।
हालांकि महंगाई के बावजूद CNG गाड़ियों की डिमांड लगातार बढ़ रही है। पिछले तीन साल में भोपाल में CNG Vehicles की बिक्री करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ी है। ऑटोमोबाइल डीलर्स के मुताबिक रोजाना 10 से 15 CNG बेस्ड गाड़ियां बिक रही हैं। वजह साफ है। पेट्रोल और डीजल के मुकाबले CNG बेहतर माइलेज देती है और प्रदूषण भी कम फैलाती है।
इधर पेट्रोल-डीजल के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में ऑयल कंपनियों ने 11 दिनों में चौथी बार रेट बढ़ाए हैं। भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपए और डीजल 99.74 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और क्रूड ऑयल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर आने वाले दिनों में और दिख सकता है।

