ChhattisgarhState

मुख्यमंत्री साय रायपुर में आयोजित ‘तरंग 2.0 स्टेट यूथ मेडिकल फेस्ट-2026’ में हुए शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उत्तम स्वास्थ्य ही जीवन का वास्तविक धन है। जब छत्तीसगढ़ का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ होगा, तभी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का हमारा संकल्प साकार होगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का पुनीत माध्यम है। एक चिकित्सक का सेवाभाव, संवेदनशीलता और आत्मीय व्यवहार मरीज को स्वस्थ होने का विश्वास और संबल प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर के मोवा स्थित श्री बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस में आयोजित ‘तरंग 2.0 स्टेट यूथ मेडिकल फेस्ट-2026’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय समाज में चिकित्सकों को ईश्वर के बाद सबसे अधिक सम्मान दिया जाता है। यह सम्मान उनके ज्ञान और कौशल के साथ-साथ मानव जीवन की रक्षा के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने भावी चिकित्सकों से कहा कि मरीज के उपचार में दवाइयों और चिकित्सा तकनीक के साथ चिकित्सक का आत्मीय व्यवहार भी अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। कई बार चिकित्सक के मधुर व्यवहार और सकारात्मक संवाद से ही मरीज को बड़ी मानसिक राहत मिलती है।

जरूरतमंदों का उपचार कराना सदैव रही प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों ने अनेक जटिल बीमारियों का उपचार संभव बनाया है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि 26 वर्ष की आयु में पहली बार विधायक बनने से लेकर सांसद और मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा करते हुए जरूरतमंद एवं बीमार लोगों को उपचार उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहा है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर उपचार मिलना और उसका स्वस्थ होकर लौटना उनके लिए आत्मसंतुष्टि का विषय है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से उपचार के लिए रायपुर आने वाले जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से उन्होंने ‘कुनकुरी सदन’ की स्थापना की है। यह सदन लोगों के लिए सहयोग और सहायता के केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान से दूरस्थ अंचलों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण निर्मित हो रहा है। नक्सलवाद से प्रभावित रहे दूरस्थ क्षेत्रों में अब शासन की योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर अब तक लगभग 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। इस अभियान के माध्यम से हजारों जरूरतमंदों के निःशुल्क उपचार और आवश्यकतानुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ को प्रथम चरण में ही एम्स की सौगात मिली थी। आज यह संस्थान प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से मेडिकल हब के रूप में उभर रहा छत्तीसगढ़ : स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश को देश के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अस्पतालों को उद्योग का दर्जा देने के साथ ही पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश में एमबीबीएस की सीटों की संख्या बढ़कर 3,025 हो गई है। इसके साथ ही नर्सिंग एवं पैरामेडिकल शिक्षा का भी व्यापक विस्तार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने से मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के फलस्वरूप उपचार के लिए राज्य से बाहर जाने वाले मरीजों की संख्या में लगभग 80 प्रतिशत तक कमी आई है।

श्री जायसवाल ने मेडिकल छात्र-छात्राओं से कहा कि एक सफल चिकित्सक बनने के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को जीवन में बहुमुखी प्रतिभा विकसित करने और मानव सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

मेडिकल फेस्ट से प्रतिभाओं को मिलेगा रचनात्मक मंच

मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘तरंग 2.0’ के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि चार दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल, कला, संस्कृति और रचनात्मक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों के बीच संवाद, अनुभवों का आदान-प्रदान और आपसी सहयोग भविष्य में बेहतर चिकित्सक बनने की दिशा में उपयोगी सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने ज्ञान, कौशल और सेवाभाव से समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनोद तिवारी, बालाजी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक, डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. निलय तिवारी, डॉ. अनूप वर्मा, डॉ. संजीव श्रीवास्तव, डॉ. तेजस नायक, शंकराचार्य ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आईपी मिश्रा, डॉ. नीता नायक, डॉ. नितिन पटेल, डॉ. नितीश नायक सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षक एवं मेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Chaiपुर
Show More

desk@NU

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button
PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker