मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना: पुराने बकाया बिल पर राहत का मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पुराने बकाया बिजली बिल में छूट और राहत पाने के लिए उपभोक्ताओं को पहले मोर बिजली ऐप (Mor Bijlee App) पर पंजीयन कराना जरूरी है। इसके बाद ही बकाया राशि का आकलन किया जाएगा और पात्रता के अनुसार छूट तय होगी।
बिजली विभाग के अनुसार, केवल रायपुर जिले में अब तक 30 हजार से अधिक उपभोक्ता इस योजना के लिए पंजीयन करा चुके हैं। प्रारंभिक गणना में इन उपभोक्ताओं को करीब 40 लाख रुपये तक की राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।
30 जून तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
सरकार ने योजना के तहत पंजीयन की अंतिम तिथि 30 जून तय की है। इसके बाद प्राप्त सभी आवेदनों की जांच और गणना की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि योजना को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ रहा है और अगले एक महीने में पंजीयन संख्या दोगुनी से भी अधिक हो सकती है।
इस योजना से उपभोक्ताओं को पुराने बिजली बिल के बोझ से राहत मिलेगी। वहीं राज्य सरकार को लंबे समय से लंबित बिजली बिलों की वसूली होने से करोड़ों रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।
क्या है मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना?
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के लाखों घरेलू, कृषि और बीपीएल (BPL) उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए यह विशेष योजना शुरू की है। इसका उद्देश्य पुराने बकाया बिजली बिलों के निपटारे में सहायता देना और उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना है।
घर बैठे ऐसे करें पंजीयन
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन में मोर बिजली ऐप डाउनलोड कर सकते हैं।
पंजीयन की प्रक्रिया इस प्रकार है:
- मोबाइल में Mor Bijlee App डाउनलोड करें।
- ऐप खोलते ही योजना से संबंधित विज्ञापन दिखाई देगा।
- उस पर क्लिक करने के बाद आवेदन फॉर्म खुलेगा।
- बिजली उपभोक्ता क्रमांक, नाम, बिजली बिल की जानकारी और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- जानकारी जमा करते ही पंजीयन पूरा हो जाएगा।
30 जून के बाद विभाग सभी आवेदनों की प्रक्रिया शुरू करेगा और उपभोक्ता की श्रेणी के अनुसार बिजली बिल में मिलने वाली छूट तय की जाएगी।



