Balod Crime News: मेडिकल दुकानों में चोरी, नकाबपोश बदमाश CCTV में कैद, 52 हजार नकद और जेवरात ले उड़े

बालोद। जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के करहीभदर गांव का है, जहां रविवार देर रात दो नकाबपोश चोरों ने दो मेडिकल दुकानों को निशाना बनाया। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 52 हजार रुपये नकद के साथ चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों चोर देर रात मेडिकल दुकानों के पास पहुंचे। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक आरोपी शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुसता है, जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहता है। कुछ देर बाद अंदर मौजूद चोर एक बक्सा लेकर बाहर निकलता है। इसके बाद दोनों शटर बंद कर मौके से फरार हो जाते हैं।
CCTV फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद दुकान संचालकों ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की मदद से संदिग्धों की तलाश की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
एक ही रात में दो मेडिकल दुकानों में चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत किए जाने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज अब इस चोरी कांड का सबसे अहम सुराग माना जा रहा है।


