मस्जिद, मदरसा और दरगाह में फहरेगा तिरंगा, वक्फ बोर्ड ने की स्वतंत्रता दिवस पर विशेष अपील…

रायपुर। यौमे आजादी यानी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने प्रदेशभर की मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की अपील की है। बोर्ड की ओर से कहा गया है कि 15 अगस्त 2026 को सभी वक्फ संस्थानों में देशभक्ति, आपसी एकता और भाईचारे की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाए।
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के डॉ. सलीम राज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव का पर्व है। इस अवसर पर प्रदेश की सभी मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में ध्वजारोहण किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में वक्फ बोर्ड कार्यालय की ओर से पूर्व में जारी दिशा-निर्देश यथावत लागू रहेंगे और सभी वक्फ संस्थाओं के पदाधिकारियों को उनका पालन करना होगा।
‘इस्लाम मुल्क से मोहब्बत का पैगाम देता है’
डॉ. सलीम राज ने कहा कि भारत सूफी-संतों की धरती है, जहां अलग-अलग जाति, धर्म, पंथ और समाज के लोग गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मिल-जुलकर रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म भी मुल्क से मोहब्बत और इंसानियत का संदेश देता है। ऐसे में देश की आजादी के पर्व पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति प्रेम और संविधान के प्रति अपने कर्तव्य का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत का मुसलमान देश से मोहब्बत करता है और संविधान का सम्मान करता है। कुछ लोगों की वजह से पूरे मुस्लिम समाज को शक की निगाह से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से ऐसे तत्वों से दूरी बनाए रखने और स्वतंत्रता दिवस को मिल-जुलकर मनाने की अपील की।
एकता और भाईचारे का संदेश...
वक्फ बोर्ड की अपील में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जाए। सभी वक्फ संस्थाएं ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित कर देश के संविधान और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करें।

डॉ. सलीम राज ने कहा कि देश की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखना और संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा व सम्मान बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।



