ओवररेटिंग पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन! छत्तीसगढ़ में 30 अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में बदली कमान…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों पर तय कीमत से अधिक राशि वसूले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच आबकारी विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। विभाग ने प्रदेशभर में 30 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले करते हुए कई जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस कार्रवाई को शराब दुकानों में व्यवस्था सुधारने और जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पिछले कुछ समय से प्रदेश के विभिन्न जिलों से शराब की ओवररेटिंग को लेकर शिकायतें सामने आ रही थीं। मामला सोशल मीडिया से लेकर जनप्रतिनिधियों और विभागीय बैठकों तक पहुंचा, जिसके बाद आबकारी विभाग ने मैदानी स्तर पर निगरानी बढ़ाने और प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव का निर्णय लिया।
जारी आदेश के मुताबिक रायपुर जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा को सहायक आयुक्त आबकारी राजनांदगांव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रवीण वर्मा को रायपुर जिले का प्रभारी उपायुक्त आबकारी बनाया गया है।

इसके अलावा रत्नेश मरावी को जिला आबकारी अधिकारी सक्ती, नितिन कुमार शुक्ल को मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी तथा सीआर साहू को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का प्रभार दिया गया है।
कई अन्य जिलों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। योगेश्वर कुमार द्विवेदी को जांजगीर-चांपा, पलक नंद को बालोद, सत्यनारायण साहू को बेमेतरा, शशांक कुमार को बलरामपुर-रामानुजगंज और रोहित देवांगन को धमतरी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विभाग ने केवल जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि बिलासपुर और दुर्ग संभाग के उड़नदस्तों में भी व्यापक बदलाव किए हैं। इससे संकेत मिलते हैं कि शराब दुकानों की निगरानी और फील्ड मॉनिटरिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है।
आबकारी विभाग की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब प्रदेशभर में शराब दुकानों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। माना जा रहा है कि यह फेरबदल सिर्फ नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि व्यवस्था सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया अहम कदम है।



