फर्जी डॉक्टर बनकर कर रहे थे इलाज! तखतपुर में यूपी के दो युवक पकड़ाए, भारी मात्रा में दवाइयां जब्त

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में खुद को डॉक्टर बताकर लोगों का इलाज करने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से उत्तरप्रदेश के दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। दोनों पर बिना वैध डिग्री के इलाज करने और लोगों को गुमराह करने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के कुछ युवकों को सूचना मिली थी कि बाहरी लोग किराए के कमरे में इलाज कर रहे हैं। बताया जा रहा था कि वे दर्द और अन्य बीमारियों का इलाज करने का दावा कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान युवक खुद को आयुर्वेदिक उपचार से जुड़ा बताने लगे। उन्होंने कहा कि उनका एक रिश्तेदार डॉक्टर है। लेकिन जब लोगों ने उनसे डिग्री और वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इससे लोगों को शक हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली। जांच के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां और कुछ संदिग्ध चूर्ण बरामद किए गए। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि कार्रवाई से पहले उनका एक साथी वहां से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस दोनों युवकों को थाने लेकर आई। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मोहम्मद हकीम अकबर और मोहम्मद जैद बताए। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों कितने समय से इलाके में इलाज कर रहे थे और कितने लोगों का उपचार किया गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बिना डिग्री इलाज कर लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही थी। उन्होंने दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इलाके में इस घटना के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जब्त दवाइयों और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम से भी मदद ली जाएगी।



