Chhattisgarh Medical College Recruitment 2026: पांच नए मेडिकल कॉलेजों में 149 पदों पर भर्ती, 15 जून तक करें आवेदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों के लिए बड़ी खबर है। चिकित्सा शिक्षा विभाग (Directorate of Medical Education) ने प्रदेश के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी और सीनियर रेजीडेंट के 149 रिक्त पदों पर संविदा भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विभाग से जारी सूचना के अनुसार दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कुनकुरी (जशपुर), जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में स्थापित नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए यह भर्ती की जा रही है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती अभियान के तहत कुल 149 पदों को भरा जाएगा। इनमें 35 पद प्राध्यापक (Professor), 40 पद सह-प्राध्यापक (Associate Professor), 50 पद सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) और 24 पद सीनियर रेजीडेंट (Senior Resident) के शामिल हैं।
ये नियुक्तियां एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, फार्माकोलॉजी, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फोरेंसिक मेडिसिन और कम्युनिटी मेडिसिन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में की जाएंगी। इससे नए मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई और स्वास्थ्य शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के निर्धारित मानदंडों का पालन अनिवार्य होगा। साथ ही किसी राष्ट्रीय या राज्य चिकित्सा परिषद में वैध और जीवित पंजीकरण होना भी जरूरी है।
चयन प्रक्रिया के तहत पहले ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद पात्र उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। साक्षात्कार ऑफलाइन या ऑनलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित किया जा सकता है। अंतिम चयन मेरिट और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा।
अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। भर्ती से जुड़ी आयु सीमा, आरक्षण, पात्रता, दस्तावेज और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। यह भर्ती प्रदेश के नए मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



