अटारी बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट का समय बदला, अब शाम 6 बजे होगी शुरुआत, गर्मी से राहत के लिए BSF का फैसला, 1 मई से लागू नई टाइमिंग

अमृतसर। सीमा सुरक्षा बल ने अटारी-वाघा बॉर्डर पर होने वाली बीटिंग रिट्रीट परेड का समय बदल दिया है। अब यह सेरेमनी शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित होगी। पहले परेड शाम 5:30 बजे शुरू होती थी, लेकिन बढ़ती गर्मी को देखते हुए समय में बदलाव किया गया है। यह नई व्यवस्था 1 मई से लागू हो गई है।
अधिकारियों के अनुसार गर्मियों में देर शाम तक तापमान अधिक रहने से दर्शकों को परेशानी होती थी, इसलिए समय आगे बढ़ाया गया है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग इस देशभक्ति से भरी सेरेमनी को देखने पहुंचते हैं, जहां भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से माहौल गूंजता है।
दर्शकों के लिए जरूरी जानकारी
यह सेरेमनी मुफ्त है, लेकिन बैठने की जगह सीमित रहती है, इसलिए समय से पहले पहुंचना जरूरी है। फोटो युक्त सरकारी पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है। मोबाइल के अलावा बैग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने की अनुमति नहीं है। गर्मी को देखते हुए पानी और सिर ढकने के लिए कपड़ा या टोपी साथ रखने की सलाह दी गई है।



