धरती कांपी, आसमान से गिरी मौत: गरियाबंद में भूकंप के झटकों के बीच बिजली गिरने से बच्चे की जान, दहशत में लोग

गरियाबंद। जिले के देवभोग इलाके में दोपहर करीब 2:20 बजे फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। पिछले 36 घंटे में यह तीसरी बार धरती कांपने की घटना है। इससे पहले रात 7:20 बजे भी झटके दर्ज हुए थे, जबकि एक दिन पहले तीव्रता 0.7 मापी गई थी। झटके हल्के रहे, लेकिन लगातार गतिविधि से ग्रामीणों में डर का माहौल है। कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर रहे। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखते हुए अफवाहों से बचने की अपील की है।
आकाशीय बिजली बनी काल, 13 साल के बच्चे की मौत
देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुडा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय क्षीरसागर यादव की मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर था, तभी अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ी हैं। प्रशासन ने खराब मौसम में खुले में न रहने की चेतावनी दी है।



