महासमुंद में कलयुगी भाई का खौफनाक कदम: मां के सामने बड़े भाई को कमरे में किया कैद, पेट्रोल डालकर जिंदा फूंका

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव में जमीन विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को श्मशान बना दिया। रायपुर निवासी कृष्णकांत दुबे जब अपने पैतृक गांव जमीन बंटवारे की बात करने पहुंचे, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनका सगा छोटा भाई ही उनका काल बन जाएगा। बातचीत के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया और छोटे भाई दौलत दुबे ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए इस रूह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम दे दिया।
मां की ममता लाचार और कमरे में जलती लाश
विवाद इतना उग्र हुआ कि आरोपी दौलत ने पहले हंसिए से हमला किया और फिर बड़े भाई को धान और महुआ से भरे कमरे में जबरन धकेल कर बाहर से कुंडी लगा दी। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने दुकान से पेट्रोल लाकर कमरे में आग लगा दी जिससे कृष्णकांत मां की चीखों के बीच जिंदा जल गए। घटना के समय मृतक की मां और पत्नी मौके पर ही मौजूद थीं लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे चाहकर भी कुछ नहीं कर सकीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने अधजली लाश को बरामद कर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।


