बस्तर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का तगड़ा प्रहार: पंचर की दुकान में चल रहा था मौत का खेल, 10 लाख की खेप बरामद

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के काले कारोबार की कमर तोड़ते हुए जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है। गंगामुंडा तालाब चौपाटी के पास जब दो शातिर तस्कर बड़ी खेप खपाने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे तभी पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के बैग से 2400 प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद किए गए हैं जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 9 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
दुकान की आड़ में जहर बेच रहे थे आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजेश यादव और मोनू गुप्ता के रूप में हुई है जो समाज की आंखों में धूल झोंकने के लिए पंचर की दुकान का संचालन करते थे। पुलिस की पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इसी दुकान की आड़ में युवाओं की नसों में जहर घोलने का अवैध कारोबार फल-फूल रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

