बिजली बनकर टूटा कहर, दो युवकों की मौत, खेत में काम कर रहा किसान भी चपेट में आया

इछावर। इछावर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में मातम का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहला हादसा लसूडिया बोडी गांव में हुआ। यहां भरत जांगड़ा (26) और दौलत सिंह खेत में फसलों पर दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली दोनों पर गिर गई। हादसे के तुरंत बाद परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलकिसगंज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को आगे के इलाज के लिए रेफर किया। इलाज के दौरान भरत जांगड़ा की मौत हो गई, जबकि दौलत सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दूसरी घटना इछावर थाना क्षेत्र के सिराडी गांव में हुई। जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय पवन अपने घर के आंगन में मां के साथ बैठा था। इसी दौरान तेज गर्जना के बीच उस पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि पवन परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। सावधानी बरतकर ऐसे हादसों से बचा जा सकता है।



