अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामला: कथित घोटाले में FIR दर्ज, 8 नामजद, SIT रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

अयोध्या। अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले के मामले में बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई विशेष जांच दल (SIT) की सिफारिश और शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। मामला रामजन्मभूमि कोतवाली में दर्ज हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर यह केस दर्ज किया गया है। ट्रस्ट से जुड़े श्री कृष्ण मोहन की शिकायत पर पुलिस ने मामला कायम किया है। आरोप है कि मंदिर में प्राप्त चढ़ावे और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन में अनियमितताएं सामने आई हैं। हालांकि जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।
एफआईआर में आठ लोगों को नामजद किया गया है, जबकि एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है। जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है उनमें रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष और करुणेश के नाम शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306, 316(5), 317(4), 317(5), 61 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े दस्तावेजों, लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
राम मंदिर देश की आस्था का बड़ा केंद्र है, इसलिए इस मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित अनियमितताओं में किसकी क्या भूमिका रही और क्या किसी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी वास्तव में हुई है।



