ओमान तट पर बड़ा हमला: भारतीय क्रू वाले जहाज पर अटैक, 21 सुरक्षित, 3 लापता

मस्कट। ओमान के तट के पास एक कमर्शियल शिप पर हुए हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ‘सेटोबेलो’ (Settebello) नामक जहाज पर हुए हमले में सवार 24 भारतीय क्रू मेंबर्स में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 3 भारतीय अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि ओमान के तट पर हुए इस हमले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापता क्रू मेंबर्स की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार ओमान में स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। दूतावास स्थानीय प्रशासन और ओमान सरकार के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग कर रहा है।
इस बीच भारत ने घटना को लेकर नई दिल्ली में अमेरिका के शीर्ष राजनयिक को डिमार्श भी जारी किया है। हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। घटना के बाद समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस क्षेत्र में लगातार जहाजों पर हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। यह स्थिति क्षेत्रीय संघर्ष और बढ़ते तनाव का परिणाम है। भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और विवादों के कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की है।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में व्यापारिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। समुद्री व्यापार और जहाजों की आवाजाही को बिना किसी बाधा के बहाल किया जाना चाहिए।
फिलहाल लापता तीन भारतीयों की तलाश जारी है। उनके परिवारों की नजरें राहत और बचाव अभियान पर टिकी हुई हैं। भारतीय सरकार लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है।



