पेड़ लगाना ही नहीं, उनकी सुरक्षा भी जरूरी: राज्यपाल डेका ने दिए खास निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने राजधानी रायपुर और नया रायपुर में लगाए गए पेड़ों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई है। उन्होंने कहा कि केवल वृक्षारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की सुरक्षा, देखभाल और नियमित निगरानी भी उतनी ही जरूरी है।

लोक भवन में बुधवार को आयोजित बैठक में राज्यपाल श्री डेका ने वन विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री अरुण कुमार पांडे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री सम्बित मिश्रा, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणिवासगन एस और डीएफओ श्री लोकनाथ पटेल मौजूद रहे।
बैठक में राज्यपाल ने स्पष्ट कहा कि पौधे लगाने के बाद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही पेड़ों की कटाई की अनुमति दी जाए। उन्होंने बड़े हो चुके वृक्षों के आसपास लगे ट्री गार्ड हटाने और पेड़ों के चारों ओर बनाए गए कंक्रीट ढांचों को हटाने पर भी जोर दिया।
राज्यपाल ने कहा कि पेड़ों की जड़ों तक पर्याप्त मात्रा में पानी और हवा पहुंचना बेहद जरूरी है। यदि जड़ों को प्राकृतिक वातावरण नहीं मिलेगा तो पेड़ों का समुचित विकास प्रभावित हो सकता है। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए ठोस और दीर्घकालिक रणनीति अपनाने की जरूरत बताई।
उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। लेकिन इसके साथ यह भी सुनिश्चित करना होगा कि लगाए गए पौधे जीवित रहें और भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें।
राज्यपाल श्री डेका ने अधिकारियों से पौधों की सर्वाइवल रेट बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, समय पर सिंचाई और संरक्षण उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


