Kanker News: अवैध रेत खनन पर भड़कीं कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी; कार्यकर्ताओं संग खदान में दिया धरना, दी थाना घेरने की चेतावनी

Kanker Illegal Sand Mining: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भानुप्रतापपुर क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध रेत उत्खनन (illegal sand mining) को लेकर स्थानीय कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी (MLA Savitri Mandavi) का गुस्सा फूट पड़ा है। नियमों को ताक पर रखकर हो रहे खनन के खिलाफ महिला विधायक ने शुक्रवार देर रात अपने कार्यकर्ताओं के साथ बेलवापानी रेत खदान में मोर्चा खोल दिया और वहीं धरने पर बैठ गईं।
भारी मशीनों से खोदी जा रही रेत, नियमों की उड़ीं धज्जियां
पूरा मामला भानुप्रतापपुर ब्लॉक के बेलवापानी रेत खदान (sand mines) का है। आरोप है कि यहां अघोषित और प्रतिबंधित इलाकों से भी भारी मशीनों के जरिए अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। पर्यावरण के मानकों और सरकारी नियमों को ताक पर रखकर यहां चेन माउंटेन जैसी बड़ी गाड़ियों का इस्तेमाल हो रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक सावित्री मंडावी खुद जमीनी हकीकत जानने रात में ही खदान क्षेत्र (mining area) पहुंच गईं।
शाम 7 बजे बैठीं विधायक, रात 1 बजे जागा प्रशासन
विधायक जब मौके पर पहुंचीं, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गईं। खदान में करीब 14 गाड़ियां और एक बड़ी चेन माउंटेन मशीन अवैध खनन में लगी हुई थी। सावित्री मंडावी शाम करीब 7 बजे ही खदान में धरने पर बैठ गईं और तत्काल कार्रवाई (strict action) की मांग करने लगीं। घंटों चले हंगामे के बाद आखिरकार रात 1 बजे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मशीनों को सील करने की कार्रवाई शुरू की।
विधायक का बड़ा आरोप— शासन-प्रशासन की है मिलीभगत!
विधायक सावित्री मंडावी ने इस पूरे खेल में अधिकारियों की संलिप्तता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन मिला हुआ नहीं है, तो कार्रवाई करने में इतनी देर क्यों लगी? उन्होंने मांग की है कि रेत खदानों में केवल तय नियमों के तहत ही काम होना चाहिए, ताकि भविष्य में पर्यावरण को नुकसान न हो और स्थानीय ट्रैक्टर मालिकों को रोजगार (local employment) मिल सके। विधायक ने साफ चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस थाने का घेराव (protest at police station) करेंगी।


