रिंग रोड-2 के तीन फ्लाईओवर निर्माण में आएगी तेजी, पीडब्ल्यूडी सचिव ने किया निरीक्षण

रायपुर। राजधानी रायपुर के रिंग रोड-2 पर बन रहे तीन बड़े फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में अब तेजी लाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को भनपुरी और टाटीबंध के बीच निर्माणाधीन फ्लाईओवरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग द्वारा सरोरा चौक, हीरापुर चौक और बंगाली होटल चौक पर सिक्स लेन फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान विभागीय सचिव ने तीनों निर्माण स्थलों पर चल रहे काम की प्रगति देखी और अभियंताओं से विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की रोजाना मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। सचिव ने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही या गैर-जिम्मेदाराना रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुकेश कुमार बंसल ने सर्विस रोड, नालियों के कवर और फुटपाथों की बेहतर फिनिशिंग और समतलीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर शुरू होने के बाद आम लोगों को आवाजाही में किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। विभागीय सचिव ने कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा के मानकों को भी पूरी गंभीरता से लागू करने को कहा गया।
उन्होंने तीनों कार्यस्थलों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए। विभाग का कहना है कि इन फ्लाईओवरों के बनने के बाद रिंग रोड-2 पर ट्रैफिक दबाव काफी कम होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
राजधानी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इन फ्लाईओवरों को महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। अब विभाग की कोशिश तय समय में निर्माण पूरा कर लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की है।


