मिडिल ईस्ट जंग पर PM मोदी की चिंता, बोले- एक साल तक सोना खरीदने से बचें

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के सिकंदराबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए मिडिल ईस्ट और यूक्रेन युद्ध के वैश्विक असर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है और ऐसे समय में देशवासियों को बचत और जिम्मेदारी दिखाने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अपील की कि वे अगले एक साल तक शादियों के लिए सोना खरीदने से बचें। उन्होंने कहा कि विदेशी मुद्रा बचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है।
PM मोदी ने कहा कि कोरोना काल में देश ने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी व्यवस्थाओं को अपनाया था। अब फिर से जरूरत के अनुसार इन विकल्पों को प्राथमिकता देने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों से भारत के पड़ोस में जंग चल रही है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, इसलिए ईंधन की बचत भी बेहद जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने सप्लाई चेन संकट और यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस समय गंभीर आर्थिक चुनौतियों से गुजर रही है। इसके बावजूद भारत सरकार किसानों को राहत देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि दुनिया में जहां खाद की एक बोरी करीब 3000 रुपये में बिक रही है, वहीं भारत में किसानों को वही बोरी 300 रुपये से कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही है।



