मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप का प्रचार तेज, युवाओं को पब्लिक पॉलिसी में करियर का अवसर

रायपुर। Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के युवाओं को सुशासन और पब्लिक पॉलिसी के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप” के तहत संचालित दो वर्षीय एमबीए इन पब्लिक पॉलिसी एंड गवर्नेंस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इस क्रम में IIM Raipur के प्रतिनिधि बिनॉय टी और एस.एन. मंडल द्वारा जशपुर सहित प्रदेश के उत्तरी जिलों का दौरा कर विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है। टीम विभिन्न इंजीनियरिंग और स्नातक महाविद्यालयों में पहुंचकर कोर्स की विशेषताओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दे रही है। साथ ही पंपलेट वितरण के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं तक जानकारी पहुंचाई जा रही है।
यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन और आईआईएम रायपुर के संयुक्त प्रयास से संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों की पूरी फीस राज्य शासन द्वारा वहन की जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्रति माह 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के तहत अभ्यर्थियों को आईआईएम रायपुर में कक्षा शिक्षण के साथ-साथ राज्य शासन के विभिन्न विभागों में व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर भी मिलेगा, जिससे उन्हें नीति निर्माण और प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्राप्त होगा।
यह फेलोशिप विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए उपलब्ध है और इसमें राज्य शासन की आरक्षण नीति लागू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए आईआईएम रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि आईआईएम रायपुर की टीम जशपुर जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास कर रही है, ताकि प्रदेश के युवाओं को सुशासन के क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिल सके।



