जांजगीर-चांपा हादसा: ड्राइवर नहीं आया तो प्रिंसिपल चलाने लगे स्कूल वैन, अनियंत्रित होकर पलटी गाड़ी

जांजगीर-चांपा। सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर से टकराकर स्कूल वैन पलट गई, जिससे उसमें सवार बच्चों और शिक्षिका घायल हो गए। यह हादसा आज सुबह हुआ, जिसमें कई बच्चों के सिर में चोट आई, जबकि कुछ के हाथ-पैर घायल हुए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार वैन में सरस्वती ज्ञान मंदिर कुथुर के छात्र-छात्राओं के साथ एक शिक्षिका सवार थीं। वैन मुड़पार गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी यह दुर्घटना हो गई। हादसे में वैन में सवार 15 से अधिक बच्चों में से करीब 10 बच्चे घायल हुए हैं।
दुर्घटना में शिक्षिका को भी चोट आई है, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि नियमित चालक के अनुपस्थित रहने के कारण वैन स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा चलाई जा रही थी।



