गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर दी जान, कोरियन ऑनलाइन गेम की लत आने लगी सामने

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसाइटी में तीन नाबालिग बहनों द्वारा नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट और डायरी बरामद हुई है, जिसमें बच्चियों ने माता-पिता से माफी मांगते हुए कोरियन गेम्स के प्रति अपने लगाव का जिक्र किया है।
पुलिस ने मौके से मिले सुसाइड नोट, डायरी और तीनों बहनों के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल मोबाइल के लॉक नहीं खुल पाए हैं, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वे किस तरह की डिजिटल गतिविधियों में संलिप्त थीं। मृत बच्चियों के पिता चेतन कुमार ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं और पिछले कुछ वर्षों से अपनी दो पत्नियों और बच्चों के साथ इसी सोसाइटी के फ्लैट संख्या 907 में रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार तीनों बहनों को कोरोना काल के दौरान मोबाइल गेम की लत लगी थी। पिता ने बताया कि तीनों अक्सर टारगेट आधारित ऑनलाइन गेम खेलती थीं, लेकिन उन्होंने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बच्चियों का स्कूल जाना भी नियमित नहीं था। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि यह हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। तेज आवाज सुनकर जब सोसाइटी के लोग बाहर आए, तब मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अब डिजिटल फुटप्रिंट्स, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या किसी विशेष ऑनलाइन टास्क या गेम ने उन्हें उकसाया था। इस हृदयविदारक घटना से पूरी सोसाइटी और क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।



