रायपुर: नवा रायपुर की ब्लू वाटर खदान में अज्ञात व्यक्ति का बिना सिर के शव बरामद, हत्या की आशंका

रायपुर: राजधानी रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र में स्थित ब्लू वाटर खदान में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव की हालत अत्यंत विकृत थी, जिसमें मृतक का सिर शरीर से अलग था तथा मौके पर नहीं मिला। इसके अलावा हाथों के पंजे भी गायब थे।
स्थानीय लोगों ने खदान में शव दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी।
शव की स्थिति तथा सिर गायब होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि हत्या कहीं और कर शव खदान में फेंका गया या घटना मौके पर ही हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट्स खंगाली जा रही हैं। माना थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



