विश्व रेडक्रॉस दिवस: राज्यपाल रमेन डेका ने मानवता की सेवा और जनसहयोग पर दिया जोर

रायपुर.
अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल और रेडक्रॉस सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष रमेन डेका ने मानवता और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ शाखा के चेयरमैन संतोष साहू और अन्य पदाधिकारियों ने राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने राज्यपाल को रेडक्रॉस का बैज लगाकर दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल डेका ने इस मौके पर रेडक्रॉस को संवेदनशीलता और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक बताया। उन्होंने संस्था की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जनसहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। राज्यपाल की पहल पर लोकभवन के आगंतुक कक्ष में एक विशेष डोनेशन बॉक्स भी स्थापित किया गया है। इस बॉक्स के माध्यम से एकत्रित होने वाली सहयोग राशि का उपयोग सोसायटी द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी और आपातकालीन सहायता कार्यों में किया जाएगा।

मुलाकात के दौरान पदाधिकारियों ने राज्य में रेडक्रॉस द्वारा चलाई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य और सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी राज्यपाल को दी। राज्यपाल ने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए समाज के हर वर्ग को इस मानवीय मिशन से जुड़ने का आह्वान किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पीड़ित मानवता की सेवा के लिए संसाधनों और जनभागीदारी को और अधिक सुदृढ़ करना है।



