ChhattisgarhState

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ सामूहिक प्रयासों से खड़ा करना होगा जनआंदोलन : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के लिए सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। इनका उन्मूलन केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के विरुद्ध सामूहिक संकल्प लेकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा अत्यंत संवेदनशील विषय हैं, जिनका सीधा संबंध महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और उनके भविष्य से है। इन विषयों पर विचार-विमर्श के लिए न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों के अनुभवी प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना सराहनीय पहल है। उन्होंने राज्य महिला आयोग के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि कार्यशाला में सामने आए विचार और सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में उपयोगी सिद्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है, ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’, अर्थात जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल शासन का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मानव तस्करी की रोकथाम के लिए जागरूकता और सतर्कता आवश्यक

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के अनेक मामलों में परिचित व्यक्ति ही नौकरी या बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवारों और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने जनसेवा के अपने लंबे अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे पिछले 30-35 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। लगभग 20 वर्षों तक सांसद के रूप में दिल्ली में रहने के दौरान मानव तस्करी के अनेक मामले उनके सामने आए। ऐसे मामलों में आवश्यक पहल कर कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति देशभर में जागरूकता बढ़ाई है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए मजबूत की जा रही संस्थागत व्यवस्था

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं, जहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सहायता के लिए 24 घंटे संचालित महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 112 की व्यवस्था है। महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई है और पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘अभिव्यक्ति ऐप’ के माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकती हैं।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। योजना की 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और वर्तमान में 68 लाख से अधिक माताएं-बहनें इससे लाभान्वित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए बड़ा संबल बनी है। इस राशि से महिलाएं अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ परिवार की जरूरतों में भी योगदान दे रही हैं। अनेक महिलाओं ने इस सहायता राशि का सदुपयोग कर सिलाई-कढ़ाई, सब्जी दुकान और अन्य छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं। आर्थिक आत्मनिर्भरता से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और परिवार तथा समाज में उनकी भागीदारी अधिक सशक्त हो रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए लखपति दीदी अभियान की शुरुआत की है। छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यशाला के निष्कर्षों को धरातल पर उतारना जरूरी

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि आज की कार्यशाला की वास्तविक सार्थकता तभी होगी, जब यहां हुए विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को व्यवहार में उतारकर महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित तथा सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जाएगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

Chaiपुर
Show More

desk@NU

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button
PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker