सरेआम सड़क पर महिला की पिटाई, विधायक भूरिया ने वीडियो शेयर कर मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

भोपाल। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भाजपा नेता ने सड़क पर एक महिला की बेरहमी से पिटाई की। बहरी ग्राम के संतोष पाठक ने महिला को जमीन पर गिराकर इतनी मारपीट की कि देख रहे लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए भाजपा पर महिला सम्मान को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने फेसबुक पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “मध्यप्रदेश की सिहावल विधानसभा (जिला-सीधी) के ग्राम-बहरी में भाजपा नेता संतोष पाठक के द्वारा सरेआम महिला को पीटने की घटना सामने आयी है। एक तरफ भाजपा वोट के लिए महिलाओं को प्रदेश में ‘लाडली बहना’ कहती है और दूसरी तरफ महिला सम्मान देखिए। Dr Mohan Yadav जी, क्या यही है आपके राज में कानून की व्यवस्था या फिर भाजपा नेताओं के लिए सब माफ है?”
इस घटना ने महिला सुरक्षा और सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और विपक्षी दल भाजपा सरकार पर लगातार हमलावर हैं।



