छत्तीसगढ़ राजभवन का दरबार हॉल अब ‘छत्तीसगढ़ मंडपम’ होगा, नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण भी यहीं…

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने राजभवन के दरबार हॉल का नाम बदलकर ‘छत्तीसगढ़ मंडपम’ करने की घोषणा की और इसका विधिवत अनावरण भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने बताया कि अब प्रदेश के नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह भी इसी छत्तीसगढ़ मंडपम में होगा, जिससे राज्य की परंपरा और गौरव दोनों को नई पहचान मिलेगी।
कैबिनेट विस्तार की संभावना तेज...
सूत्रों के अनुसार, 18 अगस्त को छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार हो सकता है। इस दिन 3 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। इस विस्तार के बाद CM साय के विदेश दौरे (21 अगस्त से 10 दिन) से पहले नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो जाएगा।
वर्तमान में साय कैबिनेट में 2 मंत्री पद खाली हैं और हरियाणा फॉर्मूला के आधार पर तीन नए मंत्रियों को शामिल करने की संभावना है।
हरियाणा फॉर्मूला के आधार पर मंत्रिमंडल विस्तार...
हरियाणा फॉर्मूले के अनुसार, कुल 90 विधानसभा सीटों वाले राज्यों में कैबिनेट में CM सहित 14 मंत्री हो सकते हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसी पैटर्न को अपनाते हुए वर्तमान में खाली 2 मंत्री पदों के बजाय 3 नए मंत्री शामिल किए जा सकते हैं।
इस फैसले के साथ ही प्रदेश की राजनीति में नई हलचल और मंत्रिमंडल की ताकत बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है।
 
				 
					


