स्वतंत्रता दिवस पर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने विभिन्न संस्थानों में किया ध्वजारोहण

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सलीम राज ने वक्फ बोर्ड कार्यालय सहित राजधानी के विभिन्न वक्फ संस्थानों में ध्वजारोहण किया। बोर्ड कार्यालय में ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया, जबकि ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ हुआ।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिम्मी नाहिद, लेखा अधिकारी पवन कुमार सहित बोर्ड कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


डॉ. सलीम राज ने बड़ी ईदगाह-दरगाह हजरत सैयद पहलवान शाह बाबा, मस्जिद-ए-मोहम्मदी, मोहम्मदी पब्लिक स्कूल, लाखे नगर ईदगाहभाठा, हजरत फातेहशाह मजार एवं मस्जिद पुलिस लाइन टिकरापारा, दरगाह हजरत सैयद शेर अली आगा बंजारी वाले बाबा और अंजुमन उर्दू गर्ल्स स्कूल शास्त्री बाजार समेत विभिन्न स्थानों पर भी तिरंगा फहराया।
ध्वजारोहण कार्यक्रमों में संबंधित वक्फ संस्थानों के मुतवल्ली, कमेटी पदाधिकारी, समाज प्रमुख, आम नागरिक और स्कूली बच्चे शामिल हुए। इस दौरान डॉ. सलीम राज ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आपसी एकता, अमन और भाईचारे के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाने तथा देश को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
वहीं, छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में स्थित वक्फ संस्थानों में भी मुतवल्ली एवं कमेटियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।





