रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, MDMA और 2.5 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और स्थानीय थानों की संयुक्त टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ MDMA और गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.65 ग्राम MDMA पाउडर, 2.522 किलोग्राम गांजा, बिक्री की रकम, आईफोन और तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित कुल 2 लाख 93 हजार 300 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस आयुक्त, रायपुर कमिश्नरेट के निर्देशन में शहर में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 13 नवंबर को पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
MDMA बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी
पहली कार्रवाई में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने कुशालपुर स्थित पहाड़ी तालाब के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितिक मोदी (26 वर्ष) निवासी अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.65 ग्राम सफेद नशीला पाउडर MDMA बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 26,500 रुपये कीमत का MDMA, 200 रुपये बिक्री की रकम और एक आईफोन मोबाइल जब्त किया। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1,27,200 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 590/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 22(ख) और 29 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सरोना रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर जेपी गार्डन के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान राधाकांत राणा (56 वर्ष), निवासी जिला बलांगीर, ओडिशा और परमानंद साहू (40 वर्ष), निवासी जिला दुर्ग के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों के पास रखे थैले की तलाशी ली, जिसमें से 2.522 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 1,26,100 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गांजा और मोटरसाइकिल सहित जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1,66,100 रुपये है। आरोपियों के खिलाफ आमानाका थाना में NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थों की उपलब्धता, उनके स्रोत, परिवहन और बिक्री नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। MDMA और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अब तक NDPS एक्ट के 102 मामलों में 222 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में कुल 7 करोड़ 39 लाख 28 हजार 670 रुपये कीमत के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की गई है।



