वेदांता प्लांट हादसा: एक और श्रमिक की मौत से आंकड़ा 24 पहुंचा

सक्ती। वेदांता पावर प्लांट हादसे में घायल श्रमिक मनीष कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, जबकि 9 श्रमिक अब भी गंभीर हालत में अस्पतालों में भर्ती हैं।
जांच तेज, लापरवाही के संकेत
पुलिस ने वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित कर दी गई है, जिसमें पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बायलर में अत्यधिक ईंधन जमा होने से दबाव बढ़ा और पाइप फटने से विस्फोट हुआ। फोरेंसिक रिपोर्ट ने भी इसी कारण को हादसे की मुख्य वजह माना है। मशीनरी के रखरखाव और सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही के संकेत मिले हैं।
मजिस्ट्रियल जांच और मुआवजा घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से भी मृतकों के परिवारों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।



