जमीन विवाद में रिश्तेदार बने हमलावर, वृद्धा की मौत के बाद 6 आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जमीन बंटवारे के विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां रिश्तेदारों के हमले में घायल वृद्धा की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हमले के बाद बिगड़ी हालत, मौत से खुला मामला
घटना बरियो पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सिधमा की है। 15 अप्रैल की शाम घर में अकेली वृद्धा राजी बाई पर रिश्तेदारों ने जमीन हिस्सेदारी को लेकर हमला कर दिया। परिजनों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। अगले दिन हालत बिगड़ने पर वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, जिसके बाद मामला हत्या में तब्दील किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, सभी को भेजा गया जेल
जांच के बाद पुलिस ने संजय मानिकपुरी, उसकी पत्नी परमेश्वरी उर्फ पनेसरी, सरस्वती उर्फ बुधो, राजकुमारी उर्फ जुईया, चैतू मानिकपुरी और फुलकुंवर को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद ही इस वारदात की मुख्य वजह है और मामले में सख्त कार्रवाई की गई है।



