रफ्तार का तांडव: भोपाल में झुग्गियों पर चढ़ा टैंकर, जबलपुर हाईवे पर कार की टक्कर से युवक की मौत

भोपाल/जबलपुर। मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर एक ही दिन में दो बड़े हादसों के रूप में सामने आया, जहां भोपाल और जबलपुर में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई और कई घायल हो गए, जिनमें एक मासूम बच्ची भी शामिल है।
भोपाल में देर रात टैंकर ने मचाई तबाही
राजधानी भोपाल के छोला मंदिर क्षेत्र में रात करीब 2:20 बजे सीएनजी टैंकर सड़क किनारे झुग्गियों में घुस गया, जिससे सो रहे परिवार इसकी चपेट में आ गए। टैंकर ने तीन से चार घरों को तोड़ते हुए बच्चों को कुचल दिया, जिसमें एक मासूम की मौके पर मौत हो गई और तीन से चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। वहीं एमपी नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक करीब 200 मीटर तक घिसटती रही।
जबलपुर हाईवे पर भीषण टक्कर, युवक की मौत
जबलपुर-भोपाल एनएच-45 पर नटवारा बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 34 वर्षीय संतोष राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक करीब 50 फीट दूर जा गिरा। पुलिस ने कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर खुले डिवाइडर को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए सुरक्षा इंतजाम की मांग उठाई है।



