यूपी MLC चुनाव 2026: BJP ने घोषित किए 5 उम्मीदवार, पुराने चेहरों पर फिर जताया भरोसा

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एमएलसी चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस साल 6 दिसंबर को रिक्त होने वाली शिक्षक और स्नातक कोटे की 11 सीटों के लिए चुनाव होना है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने इस बार भी अनुभवी चेहरों पर भरोसा जताया है।
भाजपा द्वारा घोषित पांचों उम्मीदवार वर्तमान में विधान परिषद सदस्य यानी MLC हैं। पार्टी ने अभी मेरठ खंड स्नातक सीट के उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है। इस सीट पर फिलहाल भाजपा के दिनेश कुमार गोयल एमएलसी हैं।
लखनऊ स्नातक सीट से भाजपा ने एक बार फिर अवनीश कुमार सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं आगरा स्नातक सीट पर डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह को टिकट मिला है। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को प्रत्याशी बनाया गया है।
इसके अलावा लखनऊ शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी और मेरठ शिक्षक सीट से श्रीचन्द्र शर्मा को फिर मौका दिया गया है। पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि वह संगठन और अनुभव दोनों को प्राथमिकता दे रही है।
इस बार जिन 11 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें भाजपा के पास फिलहाल 6 सीटें हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के पास 3 सीटें हैं। एक सीट शिक्षक दल और एक निर्दलीय सदस्य के खाते में है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में संगठन की पकड़ और व्यक्तिगत नेटवर्क काफी अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में भाजपा का पुराने चेहरों पर भरोसा जताना रणनीतिक फैसला माना जा रहा है।
अब सभी की नजर मेरठ खंड स्नातक सीट पर टिक गई है, जहां भाजपा जल्द उम्मीदवार घोषित कर सकती है। यूपी MLC Election 2026 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो चुकी हैं।



