रायगढ़ में दर्दनाक घटना: तालाब में नहाने के दौरान हाथी शावक की मौत, रातभर चिंघाड़ता रहा झुंड

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से वन्यजीवों से जुड़ी एक बेहद भावुक और चिंताजनक खबर सामने आई है। जिले के छाल रेंज में बीती रात एक हाथी शावक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तालाब में नहाने के दौरान वह एक बड़े हाथी के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में वन विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है।
जानकारी के मुताबिक, छाल रेंज के जंगलों में पिछले कई दिनों से करीब 70 हाथियों का दल अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहा है। शनिवार रात करीब 8 बजे पुसल्दा गांव के जंगल स्थित आमामुड़ा तालाब में हाथियों का झुंड पानी में उतरकर नहा रहा था। इसी दौरान अफरा-तफरी में एक हाथी शावक बड़े हाथी के नीचे दब गया। इससे उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद मादा हाथी ने खुद शावक के शव को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद पूरी रात हाथियों का दल तालाब किनारे डटा रहा और लगातार चिंघाड़ता रहा। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का व्यवहार बेहद बेचैन और आक्रामक नजर आ रहा था।
रविवार सुबह भी हाथियों का झुंड मृत शावक के आसपास ही घूमता रहा। इसी वजह से वन विभाग और डॉक्टरों की टीम शव तक नहीं पहुंच सकी। वन अमला मौके पर मौजूद है और हाथियों के जंगल की ओर लौटने का इंतजार कर रहा है, ताकि पोस्टमार्टम और अन्य प्रक्रिया पूरी की जा सके।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से आसपास के गांवों में भी अलर्ट जारी किया गया है।
गौरतलब है कि रायगढ़ जिले में पिछले 5 महीनों के भीतर अलग-अलग रेंज में अब तक 8 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन मौतों ने वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों में बढ़ता दबाव, पानी और भोजन की समस्या तथा हाथियों की लगातार आवाजाही इन घटनाओं की बड़ी वजह हो सकती है।



