मोहला में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से तेंदूपत्ता लदा ट्रक जलकर खाक, 10 लाख का नुकसान

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला जिले से बड़ी खबर सामने आई है। मोहला के केशला गांव में तेंदूपत्ते से भरा एक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। हादसे में लाखों रुपए के तेंदूपत्ते और वाहन का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि चालक समेत वाहन में सवार सभी 6 लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, अडमागोंदी गांव स्थित तेंदूपत्ता फड़ से स्वराज माजदा वाहन में तेंदूपत्ते के बोरे लादकर डोंगरगांव की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान केशला गांव के पास वाहन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार आपस में टकरा गए। इससे निकली चिंगारी सीधे तेंदूपत्ते की बोरियों पर गिरी। सूखे तेंदूपत्तों ने तुरंत आग पकड़ ली। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थिति बिगड़ती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए जलते वाहन को बस्ती से दूर ले जाकर खड़ा कर दिया। आसपास के लोगों ने भी पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि वाहन और तेंदूपत्तों को बचाया नहीं जा सका।
बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 10 लाख रुपए कीमत का तेंदूपत्ता भरा हुआ था। वाहन मालिक राजनांदगांव निवासी तेंदूपत्ता ठेकेदार योगेश कोटक बताए जा रहे हैं। हादसे में चालक और पांच मजदूर सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की पुष्टि गोटाटोला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर खोमन भंडारी ने की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में बिजली सुरक्षा और हाईटेंशन लाइन की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



