अजमेर में दर्दनाक हादसा: चलती कार बनी आग का गोला, पूर्व सरपंच समेत 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत

अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव के पास चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार चार लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में पूर्व सरपंच, उनकी पत्नी, भांजी और जिला परिषद सदस्य की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक श्रीरामपुरा गांव निवासी पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां और जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को अस्पताल ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पूसी देवी को सीने में दर्द की शिकायत थी। गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे परिवार के लोग कार से अस्पताल के लिए निकले थे। गाड़ी में रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा भी सवार थीं।
गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग के गोले में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि कार सवारों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा कार के अंदर ही फंस गए। दरवाजे नहीं खुलने के कारण तीनों जिंदा जल गए। वहीं गंभीर रूप से झुलसीं पूसी देवी को किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन उन्होंने भी बाद में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वे 60 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद कार से शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि असली कारण जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंच रहे हैं।



