मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल, नए साल पर भोरमदेव कॉरिडोर का भूमिपूजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को रायपुर, बेमेतरा और जशपुर जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सुबह 11 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” सुनेंगे।
इसके बाद बेमेतरा जिले के नवागढ़ में आयोजित गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल होंगे। यहां वे क्षेत्रवासियों को 165 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात प्रदान करेंगे।
शाम 4:20 बजे जशपुर जिले के ग्राम पमशाला कंवरधाम (तपकरा) में सरगुजा संभागीय पेंशनर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। साथ ही जशपुर के ग्राम फरसाबहार में पोषण पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन करेंगे। रात्रि विश्राम वे अपने निजी निवास ग्राम बगिया में करेंगे।
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़वासियों को नए साल की शुरुआत में भोरमदेव कॉरिडोर की सौगात मिलेगी। एक जनवरी को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के हाथों इस परियोजना का भूमिपूजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहेंगे।
भोरमदेव मंदिर से मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा तथा सरोदा जलाशय तक कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण पर्यटन परियोजना पर लगभग 146 करोड़ रुपये की लागत आएगी।



