‘कांग्रेस पर से गुलामी का साया नहीं हटा’, दिल्ली में होने वाली बैठक पर विधायक पुरंदर मिश्रा का तंज

रायपुर। दिल्ली में आज होने वाली कांग्रेस की बैठक को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस पर मुद्दों के अनुसार अपना रुख बदलने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी का चरित्र वर्षों से ऐसा ही रहा है। कांग्रेस के नेता गिरगिट की तरह समय-समय पर अपना रंग बदलते रहते है।
पुरंदर मिश्रा ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) का जिक्र करते हुए कहा कि जब इसकी प्रक्रिया शुरू हुई, तब कांग्रेस ने विरोध किया। अब विरोध कर चुके हैं, तो फिर इसका विरोध क्यों किया जा रहा है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भारत 1947 में आजाद हो चुका है, लेकिन कांग्रेस के नेताओं के ऊपर से अब तक गुलामी का साया नहीं हटा है।
शराब घोटाले के पैसे को लेकर कांग्रेस पर निशाना
भाजपा विधायक ने छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार में शराब घोटाले का पैसा बराबर नहीं बंटा था। इसी का नतीजा है कि पार्टी में आज भी आपसी खींचतान जारी है।
वहीं, कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत के प्रदेश दौरे को लेकर पुरंदर मिश्रा ने कहा कि वह पहले भी छत्तीसगढ़ आ चुके हैं और उन्होंने उनका स्वागत किया था। उन्होंने कहा, “वे बार-बार छत्तीसगढ़ आएं। इससे हमारी रणनीति मजबूत होगी।”
कोल लेवी मामले में जांच पर क्या बोले पुरंदर मिश्रा?
कोल लेवी मामले में पेशी को लेकर भाजपा विधायक ने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। भ्रष्टाचार के मामलों में जिन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं, उनके विरुद्ध चालान पेश किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जांच और कार्रवाई के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। चालान पेश होने के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।



