रायपुर में तीन साल की मासूम से दुष्कर्म का मामला: बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने लिया संज्ञान, अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने संज्ञान लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने मामले में आरोपी परमानंद ध्रुव को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तलब कर प्रकरण की विस्तृत जानकारी मांगी है। आयोग पुलिस जांच की स्थिति, अब तक की गई कार्रवाई और पीड़ित बच्ची को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की समीक्षा कर रहा है।
आयोग द्वारा पॉक्सो अधिनियम, 2012 की धारा 3 और 4 के साथ बच्चों के प्रति क्रूरता से संबंधित किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत कार्रवाई की स्थिति की भी जानकारी ली जा रही है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से सुनिश्चित करने के साथ ही पीड़ित बच्ची के अधिकारों की रक्षा तथा उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
संबंधित अधिकारियों से प्राप्त जानकारी और जांच की प्रगति के आधार पर आयोग आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।



