छत्तीसगढ़ में “मोर तिरंगा, मोर अभिमान” शुरू, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को समर्पित BJP का तिरंगा अभियान, 60 लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य…

रायपुर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में भाजपा “मोर तिरंगा, मोर अभिमान” की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान को लेकर राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने रणनीति और तैयारियों को अंतिम रूप दिया। खास बात यह है कि इस बार भाजपा का यह अभियान ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से प्रेरित बताया जा रहा है।
हर घर तिरंगा, बच्चों के हाथों से...
तिरंगा अभियान के संयोजक नीलू शर्मा ने जानकारी दी कि इस वर्ष पार्टी का लक्ष्य 60 लाख घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का है। उन्होंने कहा कि बच्चों के हाथों तिरंगा फहरवाने की योजना है, जिससे देशभक्ति की भावना बचपन से ही उनके मन में विकसित हो सके।
पिछले वर्ष 24 लाख घर, इस बार 60 लाख का टारगेट...
बीते वर्ष करीब 24 लाख घरों में तिरंगा लहराया गया था। इस बार पार्टी के सदस्य संख्या 60 लाख से पार कर चुकी है, ऐसे में हर कार्यकर्ता को कम से कम एक घर तक तिरंगा पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में मनाएगी भाजपा...
इस अभियान के साथ-साथ भाजपा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में भी मनाएगी। अभियान की शुरुआत आज से ही की जा चुकी है और स्वतंत्रता दिवस तक यह पूरे प्रदेश में जोर-शोर से चलेगा।
बैठक में रहे कई वरिष्ठ नेता मौजूद...
रायपुर में हुई बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की।