सूरजपुर: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बाजार में औचक निरीक्षण, आमजन से किया सीधा संवाद

सूरजपुर
प्रदेश में सुशासन को प्रभावी बनाने के लिए सरकार की कोशिशें अब धरातल पर दिखने लगी हैं। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सुबह सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिलफिली बाजार का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बिना किसी पूर्व प्रोटोकॉल के सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया।
बाजार में पैदल भ्रमण और जनसंपर्क
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सब्जी मंडी और मुख्य बाजार क्षेत्र की दुकानों का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने व्यापारियों, ग्रामीणों और महिलाओं से आत्मीय चर्चा कर उनके दैनिक जीवन और कामकाज का हाल जाना। बिना किसी औपचारिकता के अपने बीच मंत्री को पाकर नागरिकों ने भी खुलकर अपनी बात रखी और स्थानीय सुविधाओं व बाजार व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
मौके पर ही समाधान के निर्देश
जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के स्थाई निराकरण के लिए समय-सीमा भी तय की।
जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार
भ्रमण के दौरान उन्होंने लोगों को शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के विकास के लिए संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने पात्र हितग्राहियों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। मंत्री के इस सहज व्यवहार और सक्रियता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।



