बोरियाखुर्द स्थित प्रांजल जीनियस पब्लिक स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न

रायपुर। बोरियाखुर्द स्थित प्रांजल जीनियस पब्लिक स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद सुषमा तिलक साहू तथा प्रयास इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर डॉ. कविता कुम्भज उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा पुस्तक, कॉपी और पेंसिल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बचपन में ही रखी जाती है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें नृत्य एवं संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय की प्राचार्य रेखा शर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न बाह्य प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय की कक्षा 9वीं की छात्रा अनन्या अजरिया को निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 28 जून को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के हाथों सम्मानित होने का अवसर प्राप्त हुआ। वहीं पीपी-2 की छात्रा इशिता ठाकुर ने कराटे प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।

प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी प्रत्येक क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग और समन्वय से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।




