SDM चैंबर की फॉल सीलिंग गिरी, बड़ा हादसा टला; रिनोवेशन की गुणवत्ता पर उठे सवाल

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में गुरुवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एसडीएम प्रकाश भारद्वाज के चैंबर की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय चैंबर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना देर शाम की है। उस समय दफ्तर लगभग खाली हो चुका था। कुछ कर्मचारी जब वापस कार्यालय पहुंचे, तब उन्होंने एसडीएम चैंबर की छत से गिरी फॉल सीलिंग को देखा। देखते ही देखते यह खबर पूरे परिसर में फैल गई और कर्मचारी मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीलिंग अचानक तेज आवाज के साथ नीचे गिरी। यदि उस समय कोई अधिकारी या कर्मचारी कमरे में मौजूद होता, तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद प्रशासनिक अमले में भी चिंता का माहौल देखा गया।
हाल ही में हुआ था रिनोवेशन
बताया जा रहा है कि कार्यालय भवन में हाल ही में लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से रिनोवेशन का काम कराया गया था। ऐसे में अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि नई मरम्मत के बाद इस तरह की घटना हो रही है, तो निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
घटना के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि फॉल सीलिंग गिरने की असली वजह क्या रही। प्रारंभिक तौर पर निर्माण में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मामले की तकनीकी जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल कार्यालय के अन्य हिस्सों की भी सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई है।



