Scrub Typhus Alert: ग्वालियर में जानलेवा बीमारी की दस्तक, 22 वर्षीय युवक ICU में भर्ती

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में स्क्रब टाइफस बीमारी का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। शहर के तिकोनिया इलाके के 22 वर्षीय युवक में इस खतरनाक बीमारी की पुष्टि हुई है। हालत गंभीर होने पर युवक को मुरार जिला अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक युवक को लगातार तेज बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत थी। हालत बिगड़ने पर उसने अस्पताल पहुंचकर जांच करवाई। रिपोर्ट में स्क्रब टाइफस की पुष्टि होने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत उसे भर्ती कर लिया।
क्या है स्क्रब टाइफस?
स्क्रब टाइफस एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो छोटे लाल रंग के कीड़ों के काटने से फैलती है। ये कीड़े घास, झाड़ियों और खेतों वाले इलाकों में ज्यादा पाए जाते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक यह बीमारी खासतौर पर बरसात और उमस वाले मौसम में तेजी से फैलती है।
बीमारी के प्रमुख लक्षण
डॉक्टरों के अनुसार स्क्रब टाइफस में मरीज को तेज बुखार, सिर दर्द, शरीर और मांसपेशियों में दर्द की शिकायत होती है। कई मामलों में त्वचा पर काले निशान या दाने भी दिखाई देते हैं। समय पर इलाज नहीं मिलने पर बीमारी गंभीर रूप ले सकती है।
इलाज में देरी हो सकती है खतरनाक
मेडिकल विशेषज्ञों का कहना है कि स्क्रब टाइफस का समय रहते इलाज बेहद जरूरी है। लापरवाही होने पर मरीज को पीलिया, लीवर और किडनी फेलियर जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। कई मामलों में यह मल्टी ऑर्गन फेलियर तक पहुंच जाता है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। डॉक्टरों ने लोगों से साफ-सफाई रखने, झाड़ियों और गंदे इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही बुखार या शरीर में असामान्य लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने को कहा गया है।



