रोहित शर्मा ने तोड़ा सबसे ज्यादा वनडे छक्कों का रिकॉर्ड, कोहली के साथ मिलकर जमाया शतकीय साझेदारी

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच 30 नवंबर को खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय टीम के दोनों अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। वनडे क्रिकेट में यह 20वीं बार है जब दोनों ने मिलकर 100 से अधिक रनों की पार्टनरशिप बनाई।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। मैच से पहले उन्हें शाहिद आफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तीन छक्कों की जरूरत थी। भारतीय पारी के 20वें ओवर में उन्होंने मार्को जानसेन की गेंद पर छक्का लगाकर आफरीदी को पीछे छोड़ दिया। आफरीदी ने 398 वनडे मैचों में 351 छक्के लगाए थे, जबकि रोहित अब 277 मैचों में 352 छक्कों के साथ शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
रोहित ने इस मुकाबले में 51 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। कोहली के साथ उनकी 136 रनों की मजबूत साझेदारी ने भारतीय पारी को मजबूती दी। रोहित को मार्को जानसेन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। यह उनका लगातार तीसरा वनडे है जिसमें उन्होंने 50 से अधिक रन बनाए हैं।
38 वर्षीय रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि के करीब हैं। वह दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन सकते हैं जो 650 अंतरराष्ट्रीय छक्के पूरे करेंगे। फिलहाल उनके नाम 645 छक्के दर्ज हैं और इस उपलब्धि के लिए उन्हें सिर्फ पांच और छक्कों की आवश्यकता है। उल्लेखनीय है कि अभी तक कोई भी अन्य बल्लेबाज 600 अंतरराष्ट्रीय छक्कों के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है। क्रिस गेल 553 छक्कों के साथ इस सूची में काफी पीछे हैं।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: रयान रिकेल्टन, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, टोनी डी जोरजी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, प्रेनेलन सुब्रायन, नांद्रे बर्गर, ओटनील बार्टमैन।
भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।



