मैहर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुतला दहन के दौरान लगी आग से यातायात प्रभारी झुलसे, अस्पताल में भर्ती

मैहर। विधानसभा बजट सत्र के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ कथित अपशब्द कहे जाने के विरोध में शुक्रवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
अलाउद्दीन तिराहे पर आयोजित प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष धर्मेश भाई और ब्लॉक अध्यक्ष रमेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नारेबाजी के बीच पुतला जलाया गया।
इसी दौरान आग की चपेट में आने से यातायात थाना प्रभारी विक्रम पाठक झुलस गए। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद कुछ देर अफरा तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।



