कीमती तोहफे के लालच में फंसी रायपुर की युवती, ठगों ने झांसा देकर ऐंठे 2.95 लाख रुपये

रायपुर। राजधानी में साइबर ठगी और गबन के दो अलग मामलों में 9 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहला मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुराना कांशी राम नगर निवासी प्रीति कुर्रे ने शिकायत दर्ज कराई है कि 8 जनवरी की सुबह 10.30 बजे से 10 जनवरी की शाम 6.30 बजे के बीच उन्हें 9572104140 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम गिफ्ट आने की बात कही और डिलीवरी के लिए एक लिंक भेजा। लिंक के माध्यम से आरोपी ने अपने बताए खाते में 2 लाख 95 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए।
प्रीति ने करीब डेढ़ माह तक गिफ्ट का इंतजार किया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने देर रात तेलीबांधा थाने में धारा 66डी आईटी एक्ट और 318-4 के तहत मामला दर्ज कराया।
दूसरा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। एमजी रोड स्थित ए लीला इलेक्ट्रॉनिक में कार्यरत कर्मचारी रोशन पेशवानी 6 लाख 15 हजार 800 रुपए लेकर फरार हो गया। वह फर्म में वसूली सेल्समैन के पद पर कार्यरत था। यह रकम 6 से 24 फरवरी के बीच फर्म के देनदारों से वसूली गई थी।
फर्म के संचालक मनोहर मंधानी ने मामले में मौदहापारा थाने में धारा 316-4 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।


