डॉ. आंबेडकर जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया नमन, सामाजिक न्याय के मूल्यों को अपनाने की अपील

रायपुर, 14 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर सामाजिक न्याय, समानता और मानव अधिकारों के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने अपने पूरे जीवन को वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया और ऐसे भारत की नींव रखी, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिले।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बाबा साहेब के आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक विकास और समान अवसर पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का हर नागरिक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सशक्त बने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़े।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे बाबा साहेब आंबेडकर के विचारों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं और एक न्यायपूर्ण, समरस तथा सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।



