केंद्रीय मंत्री के दौरे पर CM भूपेश का तंज : बोले- भाजपा शीर्ष नेतृत्व में कुछ ठीक नहीं, इसलिए बार-बार आते हैं अमित शाह

भिलाई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रदेश दौरे को लेकर भाजपा पर वार किया है। उनहोंने कहा कि, गृहमंत्री अमित शाह बार-बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं, इसका मतलब है कि प्रदेश के शीर्ष नेताओं से वे संतुष्ट नहीं हैं।
दरअसल, सीएम बघेल रविवार शाम दुर्ग जिले के भिलाई पहुंचे थे। इस दौरान वे सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर में मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज की ओर से आयोजित डॉ. खूबचंद बघेल जयंती समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तंज कसा।
बघेल ने कहा कि, अमित शाह बार-बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इसका मतलब है कि प्रदेश में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में कुछ ठीक नहीं चल रहा है। ये लोग रात में आते हैं और डंडा चलाकर चले जाते हैं। उन्होंने भाजपा पर एक आदिवासी नेता का अपमान करने का आरोप लगाया। सीएम ने कहा कि, ननकीराम कंवर को भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय में घुसने नहीं दिया। उन्हें वहां से भगा दिया गया। ये एक आदिवासी का अपमान है।
सीएम भूपेश ने राज्य में नक्सल समस्या खत्म होने का दावा करते हुए कहा कि, अब नक्सली पीछे हट चुके हैं। पहले लोग जगदलपुर तक नहीं जा सकते थे। अब बस्तर के अंदरूनी इलाकों में भी जा पा रहे हैं। गृहमंत्री खुद कोंटा जिले के नक्सली क्षेत्र में गए। वहां वर्षों से बंद स्कूलों को शुरू करने का काम किया गया है।
समारोह में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक देवेंद्र यादव, अरुण वोरा, भिलाई महापौर नीरज पाल, महापौर रिसाली शशि सिन्हा, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा और पूर्व महापौर भिलाई नीता लोधी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से दिए गए लीज आवास आवंटन के विवाद पर कहा कि, भाजपा केवल लोगों को कन्फ्यूज कर रही है। उसने पहले लीज दिलाकर लोगों का पैसा फंसा दिया और वो उस मकान के मालिक भी नहीं हैं। अब उनका रजिस्ट्रेशन हो रहा है।
हाफ बिजली योजना के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही वो इस प्रस्ताव को कैबिनेट में रखेंगे। इस पर मंजूरी के बाद भिलाई टाउनशिप के लोगों को भी हाफ बिजली बिल का लाभ मिलेगा।