नारी शक्ति वंदन बिल पर सियासत तेज: अरुण सिंह का विपक्ष पर हमला, “महिलाओं के हक से किया विश्वासघात”

रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पारित नहीं होने को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस, सपा और आरजेडी पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी और बाधा डालने का आरोप लगाया है।
रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और अन्य महिला जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अरुण सिंह ने कहा कि यह दिन महिलाओं के सम्मान के लिए ऐतिहासिक होना था, लेकिन विपक्ष ने इसे विफल कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सहयोगी दलों ने हमेशा महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर राजनीति की और बिल को पारित नहीं होने दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी विपक्ष की भूमिका की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि देश में नारी को हमेशा सम्मान दिया गया है और उन्हें नेतृत्व में भागीदारी दिलाने की दिशा में यह बड़ा कदम था। उन्होंने कहा कि विपक्ष के रवैये से देश की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों को झटका लगा है।
साय ने राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी कदम उठाए गए हैं, जिनमें उज्ज्वला योजना और महतारी वंदन योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि दशकों से महिला आरक्षण की बात करने के बावजूद कांग्रेस ने हर बार पीछे हटने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए भाजपा का प्रयास जारी रहेगा और आने वाले समय में विपक्ष को इसका राजनीतिक परिणाम भुगतना पड़ेगा।



